About this book
लिअनीद अन्द्रयेइफ़ के नाटक 'इनसानी जिन्दगी' की शुरुआत ही एक बड़े बेतुके और खिझाने वाले प्रश्न से होती है। यह वही प्रश्न है जो बच्चे आमतौर पर पूछते रहते हैं "क्यों?"। वैसे देखा जाये तो अन्द्रयेइफ़ की अधिकतर कहानियों में यह प्रश्न मुँह बाये खड़ा रहता है। आखिर बच्चों के हर "क्यों" का आप क्या जवाब देंगे। वयस्क इस प्रश्न का उत्तर देने में अक्सर खुद को असमर्थ पाते हैं, लेकिन उन्हें यह भी स्वीकार्य नहीं होता कि वे इस प्रश्न का उत्तर देने में असक्षम हैं। अन्द्रयेइफ़ की रचनाओं से ताकता यही बेतुका सवाल, यही खिझाने वाला सवाल मेरे ख़याल से उनकी रचनाओं की अनमोल थाती है। वे हमेशा इस प्रश्न को उठाते रहे और हर बार सही थे। क्योंकि आज वही सवाल सभ्यता का महान शिशु रूस उठा रहा है। और उसके "क्यों" का ऐसा स्पष्ट और सटीक उत्तर देने में कोई भी सक्षम नहीं है कि फिर किसी भी उदासीन और बेतुके "क्यों" की गुंजाइश न रह जाये। -अलिक्सान्दर ब्लोक **** लेखन भी लिअनीद अन्द्रयेइफ़ उसी तरह पूरी तन्मयता के साथ करते थे, डूब के करते थे, जैसे वे कोई भी काम करते थे। कई बार वे महीनों कुछ भी नहीं लिखते थे। लेकिन फिर अचानक उन पर लेखन का ऐसा भूत सवार होता था कि चंद रातों में एक बड़ी-सी कहानी या नाटक तैयार हो जाता था। वे कालीन पर इधर से उधर टहलते रहते थे, काली कड़क चाय पीते रहते थे और अपनी रचना पूरी स्पष्टता के साथ डिक्टेट करते जाते थे। टाइपराइटर के बटन बिना रुके दबते रहते थे, लेकिन फिर भी टाइप करने वाले के लिए उनके इमले के साथ तालमेल बिठाना बहुत मुश्किल होता था। जब वे रचनाओं का इमला देते थे तो लगता था मानो वे किसी संगीतमय लय के अधीन हों। वे उस लय की लहरों पर हिचकोले खाते हुए लगते थे। इस तरह की काव्यात्मक-सी लय में डूबे बिना तो वे खत भी नहीं लिख पाते थे। - करनेय चुकोव्स्की
Similar books
Rummaging the shelves…
Reviews
Loading reviews…
